अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘अस्मिता लीग’ एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन, बालिकाओं और महिलाओं ने दिखाई खेल प्रतिभा !

Spread the love

सागर, 09 मार्च 2026।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सागर में माय भारत, खेलो इंडिया तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त सहयोग से अस्मिता लीग एथलेटिक्स प्रतियोगिता का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी खेल प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उनमें आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बालिकाओं और महिलाओं ने भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती अनुश्री शैलेन्द्र जैन उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में सागर नगर निगम की महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, पार्षद श्रीमती मेघा दुबे, समाजसेवी श्रीमती कविता लारिया, जिला खेल अधिकारी श्री प्रदीप अविद्रा, वरिष्ठ समाजसेवी एडवोकेट वीनू राणा, डॉ. मोनिका हर्टिगा (पीजी कॉलेज सागर), विक्रम अवार्डी श्रीमती अंजलि ठाकुर, कबड्डी प्रशिक्षक श्रीमती संगीता भदौरिया, वॉलीबॉल प्रशिक्षक श्रीमती सीमा चक्रवर्ती तथा खेलो इंडिया कोच श्री उमेश चंद मौर्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। क्रीड़ा भारती की ओर से श्री मनीष यादव, श्री जितेंद्र यादव एवं श्री स्वप्निल यादव का भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और सम्मान से हुई। आयोजकों की ओर से सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। साथ ही समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले कुछ वरिष्ठ समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।

इसके बाद विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें बालिकाओं और महिलाओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ के अलावा रस्साकशी और नींबू दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।

प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—

18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग
100 मीटर दौड़ में रंजन अहिरवार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि माया लोधी द्वितीय और आरजू तृतीय स्थान पर रहीं। मानसी ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
200 मीटर दौड़ में रंजन अहिरवार ने फिर से पहला स्थान हासिल किया, माया लोधी दूसरे और अनुष्का लोधी तीसरे स्थान पर रहीं।
400 मीटर दौड़ में माया लोधी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, कल्पना अहिरवार द्वितीय और अनुष्का सोनी तृतीय स्थान पर रहीं।

13 वर्ष से कम आयु वर्ग
100 मीटर दौड़ में नवी सोनी प्रथम, नूर सुबह खान द्वितीय और आस्था सेन तृतीय स्थान पर रहीं।
200 मीटर दौड़ में कामिनी कुशवाहा ने पहला स्थान प्राप्त किया, नवी सोनी दूसरे और आराधना गॉड तीसरे स्थान पर रहीं।
400 मीटर दौड़ में प्रियांशी साहू प्रथम, मोहिनी धुर्वे द्वितीय और पूर्वी यादव तृतीय स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों द्वारा मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती अनुश्री शैलेन्द्र जैन ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का सबसे अच्छा माध्यम हैं। उन्होंने बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यदि वे खेलों में लगातार मेहनत करें तो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकती हैं और सागर जिले का नाम रोशन कर सकती हैं।

महापौर श्रीमती संगीता तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि आज की नारी हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है और खेल के क्षेत्र में भी महिलाएं शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास और चरित्र निर्माण का भी महत्वपूर्ण साधन है।

माय भारत के जिला समन्वयक रोहित यादव ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने और उनकी प्रतिभा को सामने लाने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणादायक साबित होते हैं।

कार्यक्रम के दौरान एनएसएस के वालंटियरों द्वारा माय भारत पोर्टल पर अस्मिता रजिस्ट्रेशन में सहयोग करने वाले स्वयंसेवकों को भी सम्मानित किया गया। इंफिनिटी ग्रुप मैनेजमेंट के डॉ. अशफाक सिद्दीकी ने एनएसएस के माध्यम से प्रतिभागियों का अस्मिता रजिस्ट्रेशन कराने में विशेष सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंत में क्रीड़ा भारती के श्री मनीष यादव ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन लगातार किए जाएंगे, ताकि बालिकाओं और महिलाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए अधिक अवसर मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *