दतिया। जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इंदरगढ़–पंडोखर रोड पर ग्राम देलुवा के पास किसी अज्ञात वाहन ने युवक की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोस्त की ससुराल से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार ग्राम देलुवा गुजर निवासी बालवीर पटवा (22) पुत्र नारायण पटवा मंगलवार रात अपने एक दोस्त की ससुराल ग्राम तालगांव खाना खाने गया था।
रात करीब 10 बजे वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान इंदरगढ़–पंडोखर रोड पर देलुवा गांव के पास किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बालवीर पटवा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद इंदरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मजदूरी कर चलाता था परिवार
परिजनों के अनुसार बालवीर पटवा इंदरगढ़ में किराए के मकान में रहकर बेलदारी (मजदूरी) का काम करता था। उसी की कमाई से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
मृतक के परिवार में उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। एक बच्चा करीब दो साल का है, जबकि दूसरी छह महीने की मासूम बच्ची है। युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस
पुलिस अब हादसे में शामिल वाहन की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि फरार वाहन चालक का पता लगाया जा सके।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।