— छात्र बोले: पहली बार कोई कलेक्टर हमारे बीच आया, आत्मविश्वास बढ़ा
सागर, 25 जुलाई 2025 |
कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने बुधवार देर शाम सिरोजा स्थित अनुसूचित जाति छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण कर छात्रों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के लिए प्रेरित करते हुए कहा, “लक्ष्य बड़ा रखें, समर्पण और मितव्ययिता के साथ पढ़ाई करें, सफलता जरूर मिलेगी।” उन्होंने छात्रों को जीवन में लक्ष्य निर्धारण, आत्मसंयम, अनुशासन और एक-दूसरे से समन्वय बनाकर पढ़ाई करने की सलाह दी।

छात्रों से आत्मीय बातचीत करते हुए कलेक्टर ने कहा कि “हार या असफलता अंतिम नहीं होती, लेकिन छोटा लक्ष्य रखना सबसे बड़ी असफलता है।” उन्होंने छात्रों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के तरीकों पर चर्चा की और अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यदि निरंतर प्रयास किया जाए और मन में विश्वास हो तो कोई भी परीक्षा कठिन नहीं होती।
छात्रों ने किया आत्मीय स्वागत
कलेक्टर को अचानक अपने बीच पाकर छात्र बेहद उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब सागर जिले के कलेक्टर हमारे छात्रावास में आए हैं और सीधे हमारे साथ संवाद किया है। इस आत्मीय मुलाकात से उनका आत्मबल और मनोबल दोनों बढ़ा है।

कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने छात्रों से लगभग 30 से 45 मिनट तक संवाद करते हुए उनकी शैक्षणिक प्रगति, पढ़ाई में आ रही कठिनाइयों और रहने की समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। छात्रों ने भी खुलकर अपने विचार रखे, जिस पर कलेक्टर ने तुरंत मार्गदर्शन देते हुए उपयोगी टिप्स दिए।
छात्रावास को “घर” मानें और करें सहयोग
कलेक्टर ने कहा कि छात्रावास केवल रहने की जगह नहीं है बल्कि यह आपका दूसरा घर है। यदि आप इसे अपना समझकर इसकी देखरेख करेंगे, अनुशासन बनाए रखेंगे और आपसी सहयोग से पढ़ाई करेंगे, तो निश्चित ही हर कठिनाई पार कर सकेंगे।
उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे दूसरों की मदद करें, समन्वय से रहें और कोई भी छोटी-बड़ी समस्या हो, तो उसे मिल-जुलकर सुलझाएं। “खुद करने की आदत डालें – चाहे वह पढ़ाई हो या व्यवस्था से जुड़ा कोई छोटा कार्य, इससे आत्मनिर्भरता आती है”, उन्होंने कहा।

छात्रावासों में होंगे शत-प्रतिशत प्रवेश, शिविर और स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रावासों में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने शनिवार को प्रवेश हेतु विशेष शिविर आयोजित करने और विद्यालयों में जनजागरूकता अभियान चलाने को भी कहा।
वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए छात्रावासों में आवश्यक इंतजाम — जैसे छतों की मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी, पेयजल और नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश भी दिए गए।

उपस्थित अधिकारी
इस अवसर पर ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि, सहायक आयुक्त श्री सुधीर श्रीवास्तव, तहसीलदार श्री संदीप तिवारी, डॉ. अशरफ अहमद सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
यह दौरा न केवल छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत रहा, बल्कि यह स्पष्ट संदेश भी था कि प्रशासनिक अधिकारी यदि जमीनी स्तर पर पहुंचकर मार्गदर्शन करें तो छात्रों में आत्मबल और दिशा दोनों मजबूत होती है।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237