अनूपपुर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत झिरिया टोला के पास नेशनल हाईवे-43 पर 22 जुलाई 2025 की सुबह करीब 10:15 बजे एक तेज रफ्तार कार (MP 18 CA 1943) अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो व्यक्ति अंदर ही फंस गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस दल तत्काल मौके पर पहुंचा। टीम ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और बिना देरी किए अपने वाहन से उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने बताया कि दोनों घायलों को “गोल्डन ऑवर” के भीतर उपचार मिल जाने से उनकी जान बच सकी। यदि थोड़ी भी देर होती, तो मामला गंभीर हो सकता था।
रामनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता ने जहां दो लोगों की जान बचाई, वहीं मानवता की मिसाल भी पेश की। घायलों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।