अबार माता मंदिर के विकास के लिए बनेगी ट्रस्ट, कलेक्टर से बात करूंंगा: मंत्री गोविंद सिंह राजपूत !

Spread the love

छतरपुर। गुरुवार दोपहर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत छतरपुर जिले के बड़ामलहरा अनुभाग स्थित बुंदेलखंड की प्रसिद्ध सिद्धपीठ अबार माता मंदिर पहुंचे। इस दौरान वे अपनी पत्नी के साथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और माता रानी को चांदी का छत्र अर्पित कर आशीर्वाद लिया

पूजा के बाद मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मंदिर परिसर में मौजूद स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के जिम्मेदार नेताओं से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अबार माता जैसी भव्य और दिव्य सिद्धपीठ का अभी तक कोई ट्रस्ट या समिति न होना दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसके कारण मंदिर के विकास कार्य बाधित हैं।

मंत्री राजपूत ने कहा कि मंदिर के समुचित विकास के लिए ट्रस्ट का गठन बेहद जरूरी है। ट्रस्ट बनते ही यहां धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटक सुविधाओं का तेजी से विकास संभव होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस विषय में वे स्वयं छतरपुर कलेक्टर से बात करेंगे और ट्रस्ट गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि वे पर्यटन और धार्मिक न्यास विभाग से भी मांग करेंगे कि अबार माता मंदिर परिसर में एक बेहतर रेस्ट हाउस का निर्माण कराया जाए, जिससे श्रद्धालुओं के बैठने, ठहरने और अन्य सुविधाओं की उचित व्यवस्था हो सके।

जगह-जगह हुआ मंत्री का स्वागत

अबार माता मंदिर दर्शन के बाद मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का शाहगढ़, इमला तिराहा और कानीखेड़ी सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

क्षेत्रवासियों ने मंत्री के इस आश्वासन पर खुशी जाहिर करते हुए उम्मीद जताई कि अबार माता मंदिर जल्द ही बुंदेलखंड का प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्र बनेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *