सागर।
धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने के उद्देश्य से युवा नेता अविराज सिंह ने नगर के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों से भेंट कर आगामी श्रीराम कथा महोत्सव एवं भगवान श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के औपचारिक आमंत्रण पत्र वितरित किए।
इस क्रम में अविराज सिंह ने नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती संध्या भार्गव, डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर के कुलगुरु प्रो. यशवंत सिंह ठाकुर, बंडा के पूर्व विधायक हरवंश सिंह राठौर तथा पूर्व नगर निगम अध्यक्ष पं. संतोष पाण्डे से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट कर उन्हें इस पावन आयोजन हेतु विधिवत आमंत्रित किया। सभी गणमान्यजनों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सागर नगर के लिए गौरवपूर्ण बताया।

अविराज सिंह ने बताया कि रुद्राक्ष धाम, सागर में आगामी 31 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक सात दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव का भव्य आयोजन प्रस्तावित है। इसी क्रम में 1 फरवरी 2026 को रुद्राक्ष धाम परिसर में नवनिर्मित श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी मंदिर में विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह संपन्न होगा।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि नगर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाई देने वाला महोत्सव होगा। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और धार्मिक चेतना का विस्तार होता है।

इस पावन अवसर पर प्रयागराज से पधारे सुप्रसिद्ध श्रीराम कथा वाचक पं. श्री प्रेमभूषण जी महाराज अपने श्रीमुख से प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक भगवान श्रीराम की जीवनगाथा का भावपूर्ण वर्णन करेंगे। श्रद्धालुओं को सात दिनों तक श्रीराम चरित, आदर्शों एवं मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन मूल्यों का रसपान करने का सौभाग्य प्राप्त होगा।
आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम की व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। सुरक्षा, आवास, यातायात, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। समिति का अनुमान है कि इस धार्मिक महोत्सव में सागर सहित आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु सहभागिता करेंगे।
अविराज सिंह ने नगरवासियों से अपील की कि वे इस पावन आयोजन में परिवार सहित सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित करें और आयोजन को सफल बनाएं।
उन्होंने विश्वास जताया कि श्रीराम कथा महोत्सव एवं हनुमान जी की प्राण-प्रतिष्ठा सागर नगर के धार्मिक इतिहास में एक यादगार अध्याय के रूप में दर्ज होगा।