अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की दोहरी कार्रवाई, 77 हजार से अधिक की मदिरा व वाहन जब्त !

Spread the love

इंदौर में शराब के अवैध क्रय-विक्रय, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में आबकारी विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में विभाग ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध मदिरा और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 77 हजार रुपए से अधिक बताई जा रही है।

सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि शहर में अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। क्षेत्रीय गश्त के दौरान शंका के आधार पर अभिलाषा नगर चौराहा, नेमावर रोड पर दोपहिया वाहन क्रमांक MP-09 VD 1677 को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर बैग में रखी गत्ते की पेटी से अवैध देसी मदिरा के 50 पाव बरामद किए गए।

इस मामले में आरोपी विक्की शर्मा, पिता अशोक शर्मा, निवासी बी-3, सुविधि नगर, छोटा बांगड़दा रोड, इंदौर को गिरफ्तार किया गया है। जब्त अवैध मदिरा और दोपहिया वाहन की कुल कीमत करीब 43 हजार 750 रुपए आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

बिना लाइसेंस पार्टी पर भी कार्रवाई
एक अन्य कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति चौबे और सी.के. साहू के नेतृत्व में मालवा मिल, राज मोहल्ला और भौंई मोहल्ला की टीम ने क्षेत्रीय रहवासियों की शिकायत पर निपानिया क्षेत्र स्थित पिनैकल ड्रीम बिल्डिंग में बिना लाइसेंस चल रही पार्टी पर छापा मारा।

इस दौरान एक फ्लैट से विदेशी मदिरा की 20 बोतलें बरामद की गईं और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। जब्त विदेशी मदिरा की कुल कीमत लगभग 33 हजार 500 रुपए बताई गई है।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि इंदौर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *