अवैध हथियार से फायरिंग व मारपीट के मामले में छह आरोपी गिरफ्तार, सभी को भेजा गया जेल !

Spread the love

छतरपुर जिले के लवकुश नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटना में अवैध हथियार से फायरिंग और मारपीट के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, बोलेरो वाहन सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।

घर में घुसकर की मारपीट, जानलेवा हमला

यह घटना बुधवार 14 जनवरी को ग्राम पटना में हुई, जब आरोपियों ने एक घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की। घटना की सूचना मिलते ही लवकुश नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

फरियादी, पीड़ित परिजनों और प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या के प्रयास, मारपीट सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया।

त्वरित कार्रवाई में सभी आरोपी दबोचे गए

मामला दर्ज होते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय के भीतर सभी छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों में

  • बरदानी पाल उर्फ बाबादीन,
  • राहुल पाल,
  • नरेश उर्फ रूपेंद्र पाल,
  • आनंद उर्फ प्रांशु पाल,
  • सोनू उर्फ प्रिंस पाल (सभी निवासी ग्राम पटना)
    और
  • अभिषेक उर्फ सूरजबली पाल (निवासी ग्राम जमूपुरा) शामिल हैं।

प्रांशु पाल पर पहले से दर्ज हैं गंभीर अपराध

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आनंद उर्फ प्रांशु पाल पूर्व में भी हत्या के प्रयास, पॉक्सो एक्ट और मारपीट जैसे चार अन्य आपराधिक मामलों में लिप्त रहा है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े तथ्यों की गहन जांच कर रही है। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश भी जारी है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अजय अंबे के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में अजय सिंह शाक्य, ज्ञान सिंह, रामकृपाल, अनीश, सतीश सिंह, देव सिंह, राहुल चौहान, चांद खान, रमाकांत और ह्रदेश सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *