सागर/बीना।
आगासौद थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। एक ओर पुलिस ने भोपाल से नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंपा, वहीं दूसरी ओर अवैध शराब की तस्करी करने वाले आरोपी को पकड़कर भारी मात्रा में शराब और कार जब्त की है।
पहला मामला : नाबालिग लड़की भोपाल से सकुशल बरामद
मंडी बामौरा थाना क्षेत्र के एक गांव की 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को 2 अगस्त को गांव का ही एक व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। परिजनों ने बेटी के गायब होने की सूचना पुलिस को दी। मामला गंभीर होने पर थाना आगासौद पुलिस ने त्वरित रूप से प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने साइबर सेल सागर की मदद से आरोपी की लोकेशन भोपाल में ट्रेस की। इसके बाद दबिश देकर पुलिस ने लड़की को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी की पहचान करण वंशकार निवासी मंडी बामौरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।
बरामद नाबालिग को काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा गया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और टीम की सराहना की।

दूसरा मामला : शराब तस्कर दबोचा, 6 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त
इसी दौरान पुलिस को अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली। थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन पाल और चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गौहर गांव के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मारुति स्विफ्ट कार को रोका।
तलाशी में कार की डिक्की से 6 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 48,600 रुपये आंकी गई है। साथ ही पुलिस ने करीब एक लाख रुपये की कार भी जब्त कर ली। आरोपी की पहचान अंकित राजपूत, निवासी मनोरमा वार्ड बीना, के रूप में हुई है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस की सक्रियता से अपराधियों पर लगाम
दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन पाल, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कुमार सहित पुलिस बल शामिल रहा।
पुलिस की इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में यह संदेश गया है कि अपराध और अवैध कारोबार में लिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, आमजन ने भी पुलिस की कार्यवाही की सराहना की है।
👉