भोपाल के आनंद नगर इलाके में कार्तिक ग्यारस के शुभ अवसर पर पूजा की तैयारियां करते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। बुधवार सुबह इलाज के दौरान 78 वर्षीय शंकरलाल विश्वकर्मा की मौत हो गई, जो एक नवंबर को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए थे। घटना ने पूरे क्षेत्र में बिजली सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार मानव बिहार कॉलोनी निवासी शंकरलाल अपने बेटे दीपक और पोते विनय के साथ घर की दूसरी मंजिल स्थित छत पर पूजा की सामग्री सजाने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने गन्ना सीधा खड़ा किया, जो घर के बिल्कुल समीप से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। संपर्क होते ही करंट का तेज झटका आया और शंकरलाल मौके पर ही झुलस गए।
दुर्घटना के समय बेटे दीपक ने पिता को बचाने की कोशिश की, जिसके कारण वह भी करंट की चपेट में आए और उनका हाथ झुलस गया। पास खड़े पोते विनय को भी गंभीर चोटें आईं और उसका चेहरा झुलस गया। तीनों को तुरंत हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां बुधवार सुबह शंकरलाल ने दम तोड़ दिया। दीपक को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है जबकि विनय का उपचार जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार हाईटेंशन लाइन घरों से मात्र दस फीट की दूरी पर गुजर रही है। रहवासियों ने पहले भी कई बार बिजली विभाग से लाइन को शिफ्ट करने की मांग की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मृतक के भतीजे सुनील विश्वकर्मा ने बताया कि यदि समय रहते लाइन हटाई जाती तो यह हादसा टल सकता था।
फिलहाल पिपलानी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं क्षेत्रवासियों ने सुरक्षा को लेकर बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताई है और शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।