आर्सेटी सागर में दिव्यांगजनों के लिए उद्यमिता विकास प्रशिक्षण का समापन !

Spread the love

आर्सेटी सागर में सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत कृषक सहयोग संस्थान एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय सामान्य उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में दिव्यांग व्यक्तियों को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आवश्यक मार्गदर्शन और कौशल प्रदान किए गए।

समापन अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, डिप्टी कलेक्टर रजत सोनी, आर्सेटी निदेशक श्रीमती गायत्री एवं समस्त टीम मौजूद रही। अतिथियों ने प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि दिव्यांगजन समाज का महत्वपूर्ण अंग हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने हेतु इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम मील का पत्थर साबित होंगे।

वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में दिव्यांगजनों को आत्मसम्मान और स्वावलंबन की राह पर आगे बढ़ाने के लिए लगातार योजनाएं चलाई जा रही हैं। यह प्रशिक्षण न केवल आर्थिक स्वावलंबन का मार्ग खोलेगा बल्कि सामाजिक सशक्तिकरण का भी आधार बनेगा।

इस अवसर पर प्रशिक्षुओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें व्यवसाय और स्वरोजगार शुरू करने की दिशा में नई प्रेरणा और आत्मविश्वास मिला है। कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने दिव्यांगजनों की दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मनिर्भर बनने के संकल्प की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *