इंदौर। जोन क्रमांक 22 के वार्ड 36 में मास्टर प्लान की एडवांस एकेडमी से रिंग रोड तक 46.68 करोड़ की लागत से बनाई जा रही सड़क का सोमवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने निरीक्षण किया। यह रोड 3.65 किलोमीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी है।

महापौर ने काम में हो रही देरी और धीमी गति को देखते हुए संबंधित ठेकेदार और कंसल्टेंट से काम की गति बढ़ाने और वर्क प्लान तैयार करने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि सड़क बनाने में कोई बाधा नहीं होने के बावजूद काम में देरी क्यों हो रही है। विशेष रूप से सेंट्रल लाइन डालने के बाद भी काम में गति न बढ़ने पर चिंता जताई। महापौर ने कहा कि सेंट्रल लाइन में आने वाले सभी बाधक निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई पहले पूरी होनी चाहिए ताकि रोड निर्माण में कोई अड़चन न आए।

सड़क निरीक्षण के दौरान महापौर ने तिरुपति पैलेस, कृष्ण विहार कॉलोनी, तुलसी नगर, बीसीएम पैराडाइज आदि क्षेत्रों के निवासियों से भी बातचीत की।
महापौर के साथ पार्षद सुरेश कुरवाडे, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, श्रृंगार श्रीवास्तव, सिटी इंजीनियर अश्विन जनवदे, लक्ष्मीकांत वाजपेई, नरेश जायसवाल, उपयंत्री पराग अग्रवाल और जोनल अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।