इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े पर्स स्नैचिंग की घटना सामने आई है। पैदल जा रही एक महिला के हाथ से टू-व्हीलर सवार बदमाश पर्स छीनकर मौके से फरार हो गया। महिला ने शोर भी मचाया, लेकिन तब तक आरोपी तेजी से भाग निकला।
द्वारकापुरी पुलिस के अनुसार साधना पटेल, निवासी गुमाश्ता नगर और वर्तमान में उत्तम नगर, अहमदाबाद में रहने वाली हैं। उनकी शिकायत पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना शुक्रवार को शैल पुत्री सफायर, गुमाश्ता नगर के सामने हुई।
पीछे से आया और झपट्टा मारकर छीना पर्स
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह किसी काम से पैदल जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से एक बदमाश एक्सेस (Activa) पर आया और अचानक उनके हाथ पर झपट्टा मारते हुए पर्स छीन लिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से महिला घबरा गई और जोर-जोर से शोर मचाने लगी।

पर्स में मोबाइल और नकद थे
महिला के अनुसार पर्स में एक मोबाइल फोन और 2300 रुपए नकद रखे हुए थे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुका था।
पुलिस ने दर्ज किया केस, CCTV खंगाले
घटना की सूचना मिलते ही द्वारकापुरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर बदमाश की तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
बढ़ती स्नैचिंग की घटनाओं से चिंता
इलाके में लगातार हो रही स्नैचिंग की घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। नागरिकों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और ऐसे बदमाशों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने भी लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है।