इंदौर: द्वारकापुरी में युवक पर चाकूबाजी, दो बदमाश गिरफ्तार !

Spread the love

इंदौर। द्वारकापुरी इलाके में रविवार रात एक युवक पर चाकूबाजी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि दो बदमाशों ने नशा करने के लिए पैसे मांगने पर युवक के साथ मारपीट की और चाकू से हमला किया। घायल युवक चेतन पुत्र जयदेव कतोरे को पड़ोसी ऑटो ड्राइवर ने अस्पताल पहुँचाया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे एमवायएच रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, चेतन ने बताया कि वह आयुर्वेदिक मेडिकल शॉप में काम करता है। रात में दुकान से लौटते समय राम मंदिर के पास दीपक लगाने गया था। तभी उत्कर्ष गार्डन के पास से आते हुए शिवम पुत्र रामगोपाल मौर्य और हर्ष उर्फ भय्यू पुत्र लोकेन्द्र भंवर ने उसे रोका। दोनों आरोपियों ने नशा करने के लिए रुपए मांगे। चेतन के मना करने पर हर्ष ने थप्पड़ मारा। चेतन ने हर्ष को धक्का दिया और भागने लगा, इस दौरान शिवम ने चाकू निकालकर चेतन पर हमला कर दिया।

घटना के बाद चेतन लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। पड़ोसी सोनू ने उसे उठाकर रिक्शा में अस्पताल पहुँचाया। गंभीर चोट के कारण डॉक्टरों ने उसे एमवायएच रेफर किया।

सोमवार दोपहर को द्वारकापुरी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे उठक-बैठक करवाई और उनका जुलूस निकालकर कानून का संदेश दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अवैध वसूली और चाकूबाजी के मामले में एफआईआर दर्ज की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *