इंदौर, प्रोफेसर पत्नी ने पति के खिलाफ मारपीट, मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया !

Spread the love

इंदौर: कनाड़िया थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला प्रोफेसर ने अपने पति के खिलाफ मारपीट, मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, निजी कॉलेज की प्रोफेसर आरती शर्मा, निवासी आलोक नगर ने अपने पति नवदीप शर्मा पुत्र अखिलेश शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरती ने बताया कि वर्ष 2016 से नवदीप काम नहीं कर रहे थे और घर का पूरा खर्च वही उठा रही थीं। इसके बावजूद नवदीप ने उन्हें लगातार मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया।

पति का प्रेम संबंध और वित्तीय दबाव

आरती शर्मा का आरोप है कि वर्ष 2020 के बाद पति की प्रताड़ना बढ़ गई। उन्हें 2025 में पता चला कि नवदीप की एक अन्य महिला निवेदिता से प्रेम संबंध हैं। आरोप है कि नवदीप उस महिला का खर्च भी पत्नी से ही करवाने के लिए दबाव डालते थे। इसके अलावा नवदीप ने पत्नी के नाम पर लगभग 7 लाख रुपए का लोन लेकर कार खरीदी, लेकिन किश्तें खुद नहीं भरीं और लोन की किश्तें चुकाने के लिए भी पत्नी पर दबाव बनाया।

मारपीट और जेवर छीनने का आरोप

पीड़िता ने बताया कि जब उन्होंने इस दबाव का विरोध किया, तो नवदीप ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें घर से निकाल दिया। इसके अलावा, मायके से लाए गए जेवर भी अपने पास रख लिए। इसके बाद आरती शर्मा ने कानूनी कार्रवाई करते हुए कनाड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई।

कॉलेज में दोस्ती से रिश्ते तक

जानकारी के अनुसार आरती और नवदीप की शादी को लगभग 10 साल हो चुके हैं। दोनों एक ही कॉलेज में प्रोफेसर थे। इसी कॉलेज में नवदीप की निवेदिता नामक महिला प्रोफेसर से दोस्ती हुई, जो बाद में गहरे संबंध में बदल गई। कुछ समय बाद नवदीप ने कॉलेज आना भी बंद कर दिया।

कनाड़िया पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़िता के दावों की पुष्टि के लिए संबंधित दस्तावेज, लोन और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। पुलिस ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विधिक प्रक्रिया के अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *