इंदौर।
यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंदौर से संचालित हो रही मध्य प्रदेश की पहली तेजस सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के संचालन को एक्सटेंड कर दिया गया है। रेलवे सूत्रों के अनुसार यह ट्रेन अब 30 जनवरी तक संचालित होगी। ट्रेन का संचालन पूर्व निर्धारित मार्ग, ठहराव, दिन और कोच संरचना के अनुसार ही किया जाएगा, इसमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।
विस्तारित फेरों की बुकिंग भी शुरू हो चुकी है, जिससे इंदौर और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। तेज, आरामदायक और आधुनिक सुविधाओं से लैस इस ट्रेन को यात्रियों से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है, जिसके चलते रेलवे ने इसके संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है।

सप्ताह में तीन दिन मुंबई सेंट्रल से संचालन
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुंबई सेंट्रल–इंदौर तेजस स्पेशल ट्रेन अब 30 जनवरी तक मुंबई सेंट्रल से प्रति सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। यानी इन तीन दिनों में ट्रेन मुंबई सेंट्रल से इंदौर के लिए रवाना होगी।
इसी तरह इंदौर–मुंबई सेंट्रल तेजस स्पेशल ट्रेन का संचालन भी बढ़ा दिया गया है। यह ट्रेन 31 जनवरी तक इंदौर से प्रति मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान ट्रेन के रूट, कोच कंपोजिशन, ठहराव और संचालन दिनों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
दुरंतो और अवंतिका से अधिक है तेजस का किराया
हालांकि तेजस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं और बेहतर यात्रा अनुभव मिलता है, लेकिन इसका किराया इसी रूट पर चलने वाली दुरंतो एक्सप्रेस और अवंतिका एक्सप्रेस की तुलना में अधिक है।
इंदौर–दुरंतो एक्सप्रेस में वर्तमान किराया इस प्रकार है:
- सेकेंड सीटिंग: 460 रुपये
- एसी इकोनॉमी: 2070 रुपये
- थर्ड एसी: 2205 रुपये
- सेकंड एसी: 2975 रुपये
- फर्स्ट एसी: 3670 रुपये
वहीं अवंतिका एक्सप्रेस में किराया अपेक्षाकृत कम है:
- स्लीपर: 465 रुपये
- एसी इकोनॉमी: 1130 रुपये
- थर्ड एसी: 1220 रुपये
- सेकंड एसी: 1715 रुपये
- फर्स्ट एसी: 2870 रुपये
तेजस स्पेशल ट्रेन के किराए निर्धारण का अधिकार आईआरसीटीसी (IRCTC) के पास होता है। आईआरसीटीसी आवश्यकता और मांग के अनुसार किराए में बदलाव कर सकती है। तेजस ट्रेन में दी जाने वाली प्रीमियम सेवाओं और आधुनिक सुविधाओं के कारण इसका किराया अन्य ट्रेनों की तुलना में अधिक रहता है।
यात्रियों को मिलेगा बेहतर विकल्प
तेजस सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के संचालन विस्तार से इंदौर और मुंबई के बीच सफर करने वाले यात्रियों को एक और तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। खासकर व्यावसायिक यात्रियों और समय की बचत चाहने वालों के लिए यह ट्रेन काफी उपयोगी साबित हो रही है। रेलवे को उम्मीद है कि आगे भी यात्रियों की प्रतिक्रिया के आधार पर इसके संचालन को लेकर निर्णय लिए जाएंगे।