हिंदूवादी संगठनों ने पकड़ा, युवती से पिटवाया, फिर पुलिस के हवाले किया – आरोपी के मोबाइल से कई लड़कियों के चैट मिले
इंदौर। मूसाखेड़ी इलाके में एक आदिवासी युवती से छेड़छाड़ और मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने के मामले में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। एक युवक शादाब अली, जो ट्रक ड्राइवर है, युवती को लगातार परेशान कर रहा था। जब मामला हिंदूवादी संगठनों तक पहुंचा तो नेताओं ने युवक को पकड़कर युवती से चप्पलों से पिटवाया और फिर खुद भी उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।
आजाद नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने उसके मोबाइल की जांच की तो उसमें इंस्टाग्राम आईडी से कई लड़कियों के चैट और अश्लील मैसेज मिले हैं।

15 दिनों से कर रहा था युवती को परेशान
पुलिस के अनुसार आरोपी शादाब अली सीहोर जिले के नसरुल्लागंज (भेरुंदा) के सेमलपानी गांव का निवासी है। पिछले 15 दिनों से वह इंदौर निवासी एक आदिवासी युवती को परेशान कर रहा था। आरोपी ने युवती का मोबाइल नंबर किसी परिचित से हासिल किया और उसके बाद लगातार उसे अश्लील मैसेज और वीडियो भेजना शुरू कर दिया।
इतना ही नहीं, शादाब युवती से उसकी तस्वीरें भी मांग रहा था। युवती ने परेशान होकर करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सहेंद्र दीक्षित को जानकारी दी। इसके बाद करणी सेना और बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ताओं तक मामला पहुंचा।
हिंदूवादी संगठनों ने पकड़कर कराई पिटाई
सूचना मिलने के बाद हिंदूवादी नेता मानसिंह राजावत अपने साथियों कपिल कौशल, लकी पाल, अभय सहित कई कार्यकर्ताओं के साथ युवती से मिले और शादाब की जानकारी जुटाई। पता चला कि आरोपी रेत का डंपर लेकर इंदौर आ रहा है।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पकड़ लिया। पहले युवती को बुलाया गया और उससे आरोपी को चप्पलों से पिटवाया गया। बाद में कार्यकर्ताओं ने भी उसकी पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।

आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया कि शादाब अली पर पहले से ही गंभीर आरोप हैं। सीहोर जिले में भी उसके खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज है। इस मामले में वह तीन माह जेल की सजा काट चुका है।
लव जिहाद के मामले में भाई भी जेल जा चुका है
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी का भाई मोहम्मद अली भी इसी तरह के मामले में जेल जा चुका है। मोहम्मद अली ने जबलपुर की एक हिंदू युवती को कथित लव जिहाद में फंसाया था। बाद में युवती ने दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें अदालत ने मोहम्मद अली को सजा सुनाई थी।
पुलिस की कार्रवाई
आजाद नगर पुलिस ने बताया कि आरोपी शादाब अली से पूछताछ जारी है। उसके मोबाइल फोन से बरामद चैट और वीडियो की जांच साइबर टीम से कराई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वह और किन-किन लड़कियों को परेशान कर रहा था और उसके पीछे कोई गिरोह तो सक्रिय नहीं है।