इंदौर | मकर संक्रांति के बाद भी इंदौर में चाइनीज मांझे का खतरा लगातार सामने आ रहा है। बुधवार को भंवरकुआं इलाके में बाइक से जा रहे एक युवक का चाइनीज मांझे से गला कट गया। हादसा इतना गंभीर था कि युवक के गले से खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
पेट्रोल पंप से छुट्टी के बाद जा रहा था रिश्तेदार के यहां
घायल युवक की पहचान हेमराज रविंद्र चौरसिया के रूप में हुई है। वह 115, चांदमारी ईंट भट्टा का रहने वाला है और पेट्रोल पंप पर काम करता है। बुधवार को ड्यूटी खत्म होने के बाद वह बाइक से मांगलिया स्थित अपने रिश्तेदार के यहां जा रहा था। इसी दौरान तीन इमली क्षेत्र के पास अचानक सड़क पर लटक रही पतंग की डोर उसके गले में फंस गई, जिससे गहरा कट लग गया।

मौके पर मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गला कटते ही हेमराज बाइक रोककर सड़क पर गिर पड़ा और खून बहने लगा। हादसे को देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए, लेकिन कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
परदेशीपुरा में भी युवक घायल
इसी तरह एक अन्य घटना में नंदानगर निवासी महेश सोनी को परदेशीपुरा इलाके में चाइनीज मांझे से गले में चोट आई है। उन्हें भी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों घटनाओं ने शहर में एक बार फिर चाइनीज मांझे के खतरे को उजागर कर दिया है।
चार घंटे में तीन हादसे, एक की मौत
गौरतलब है कि इससे पहले रविवार को इंदौर में महज चार घंटे के भीतर चाइनीज मांझे से तीन बाइक सवार युवकों का गला कट गया था।

- पहला हादसा खजराना ब्रिज पर रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ था।
- इस हादसे में रघुवीर धाकड़, निवासी ओम साई विहार कॉलोनी, बिचौली मर्दाना गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
- अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवकों की सर्जरी करनी पड़ी।
प्रशासन की अपील, फिर भी नहीं थम रही घटनाएं
हालांकि प्रशासन और पुलिस द्वारा चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध लगाया गया है और लगातार कार्रवाई व जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, इसके बावजूद ऐसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चाइनीज मांझा न सिर्फ पतंगबाजों के लिए, बल्कि सड़क पर चलने वाले आम लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है।
पुलिस ने एक बार फिर नागरिकों से अपील की है कि चाइनीज मांझे का उपयोग और बिक्री न करें तथा कहीं भी ऐसी डोर लटकी दिखे तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें, ताकि किसी और की जान खतरे में न पड़े।