इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में तिल्लोर के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से सॉफ्टवेयर इंजीनियर आस्था सिंह सेंगर की मौत हो गई। आस्था अपने मित्र जितेंद्र (निवासी रतलाम) के साथ बाइक से ढाबे पर पार्टी मनाने जा रही थी। हादसे में दोनों सड़क किनारे जा गिरे। प्राथमिक उपचार के बाद आस्था को गंभीर हालत में जूपिटर अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार सुबह 5:30 बजे उसकी मौत हो गई। जितेंद्र की हालत नाजुक बनी हुई है।

आस्था मूल रूप से यूपी के अकबरपुर (कानपुर) की रहने वाली थी और चार महीने पहले ही इंदौर आई थी। वह केसरबाग रोड पर किराये से रहती थी और एक आईटी कंपनी में कार्यरत थी।

तेजाजी नगर क्षेत्र में ही देर रात एक कार MP09 ZM 0482 पलट गई, जिसमें सवार युवक घायल हुए। एयरबैग खुलने से गंभीर चोट टली। वहीं लसूड़िया थाना क्षेत्र में स्कीम 136 के अंधे मोड़ पर एक अन्य कार MP13 ZL 1111 अनियंत्रित होकर छह फीट गहरे प्लॉट में पलट गई। चालक को हल्की चोट आई लेकिन कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस तीनों हादसों की जांच कर रही है।