इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के खिलाफ सागर शहर युवा कांग्रेस का अनोखा विरोध !

Spread the love

इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति के कारण हुई मौतों और सैकड़ों लोगों के बीमार होने की घटना को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश है। इसी कड़ी में मंगलवार को सागर शहर युवा कांग्रेस ने लाखा बंजारा झील के तट पर अनोखा और प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन कर सरकार और जिम्मेदार विभागों के खिलाफ जोरदार नाराजगी जताई।

युवा कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पोस्टर को झील में डुबोकर सरकार की कथित असंवेदनशीलता और लापरवाही का प्रतीकात्मक विरोध किया तथा उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी की आपूर्ति से अब तक 16 नागरिकों की मौत, 1400 से अधिक लोगों के बीमार होने और 162 से अधिक लोगों के अस्पतालों में भर्ती होने की घटना किसी भी तरह से प्राकृतिक नहीं, बल्कि नगर निगम और राज्य सरकार की गंभीर लापरवाही का नतीजा है। समय रहते जल शुद्धिकरण, नियमित जांच और वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था नहीं की गई, जिससे यह भयावह स्थिति बनी।

युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष चक्रेश रोहित ने कहा कि इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। वहीं शहर अध्यक्ष सागर साहू ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो युवा कांग्रेस का आंदोलन और तेज व व्यापक किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस विरोध प्रदर्शन में शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश जाटव, युवा कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल चौबे, सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, पूर्व शहर अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र राजे और नरेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। युवा कांग्रेस ने अंत में पीड़ित परिवारों को मुआवजा, दोषियों पर कानूनी कार्रवाई और सुरक्षित पेयजल की स्थायी व्यवस्था की मांग दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *