फायर ब्रिगेड की लापरवाही उजागर, पुलिस और रहवासियों ने जान जोखिम में डालकर बुझाई लपटें
इंदौर, 01 सितम्बर 2025।
इंदौर के द्वारकापुरी इलाके में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब अंकल गली, 60 फीट रोड पर स्थित एसआर स्टूडियो और पर्सनालिस्ट गिफ्ट सेंटर में अचानक भीषण आग भड़क उठी। कुछ ही देर में दुकान से उठते धुएं और लपटों ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। आगजनी में स्टूडियो का पूरा सेटअप, कैमरे, गिफ्ट आइटम और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।

फायर ब्रिगेड की देरी बनी सवाल
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन करीब एक घंटे तक दमकल की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंचीं। इस बीच दुकान की आग तेज होती चली गई और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गुस्साए रहवासियों ने फायर ब्रिगेड की लापरवाही पर नाराजगी जताई और कहा कि अगर आग और फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर किया बचाव
फायर ब्रिगेड की अनुपस्थिति में द्वारकापुरी थाना प्रभारी टीआई सुशील पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय रहवासियों ने मिलकर दुकान का शटर तोड़ा और बोरिंग से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग की लपटों को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया।

इलाके की बिजली गुल, अंधेरे में दहशत
आगजनी की घटना के बाद सुरक्षा कारणों से इलाके की बिजली आपूर्ति काट दी गई, जिससे पूरा द्वारकापुरी क्षेत्र अंधेरे में डूब गया। इससे आग बुझाने का काम और भी कठिन हो गया। बावजूद इसके पुलिस और स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग को फैलने से रोका।
करोड़ों का सपना राख में तब्दील
एसआर स्टूडियो और पर्सनालिस्ट गिफ्ट सेंटर इलाके में जाना-पहचाना व्यवसाय था। यहां शादी-ब्याह, इवेंट्स और पोर्टफोलियो शूटिंग के लिए अत्याधुनिक कैमरे और स्टूडियो सेटअप मौजूद था। इसके साथ ही गिफ्ट शॉप में महंगे गिफ्ट आइटम, सॉफ्ट टॉयज, फोटो फ्रेम्स और सजावटी सामान रखा था। आगजनी में सबकुछ जलकर राख हो गया।

जांच और कार्रवाई की मांग
घटना के बाद व्यापारी संगठन और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से फायर ब्रिगेड की लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि अगर समय पर दमकल पहुंच जाती तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता। वहीं पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी होगी।
प्रशासन पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर से इंदौर फायर ब्रिगेड की तैयारी और तत्परता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर जैसे बड़े महानगर में अगर फायर ब्रिगेड एक घंटे तक नहीं पहुंचे तो आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना रहता है।