इंदौर में विधायक गोलू शुक्ला की बस से हादसा, गुस्साई भीड़ ने बस में लगाई आग !

Spread the love

इंदौर | इंदौर में बुधवार सुबह एक सड़क हादसे के बाद हालात उस समय बेकाबू हो गए, जब विधायक गोलू शुक्ला की बस ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे से आक्रोशित भीड़ ने बस में आग लगा दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड और पुलिस को बुलाया गया।

पटेल ब्रिज के नीचे सुबह 9.30 बजे की घटना

यह घटना बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे पटेल ब्रिज के नीचे, छोटी ग्वालटोली क्षेत्र के आगे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस और बाइक की टक्कर के बाद आसपास मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई। देखते ही देखते कुछ लोगों ने बस में आग लगा दी, जिससे कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।

ऊंची लपटों में घिरी बस

फायर ब्रिगेड कर्मचारियों के मुताबिक, शुक्ला ब्रदर्स की बस में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर भेजी गई। जब फायर ब्रिगेड वहां पहुंची, तो बस से काफी ऊंची लपटें निकल रही थीं और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था।

फायर ब्रिगेड के एसआई शोभाराम मालवीय ने बताया कि एक टैंकर पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। उन्होंने कहा कि आग बुझाने के दौरान बस चालक मौके पर मौजूद नहीं था। संभावना जताई जा रही है कि आग लगने के बाद चालक बस से उतरकर वहां से चला गया।

बाइक सवार को मामूली चोट

इस पूरे मामले पर तुकोगंज थाना प्रभारी जितेंद्र यादव ने बताया कि बस की टक्कर से बाइक सवार घायल हुआ है, लेकिन उसे गंभीर चोट नहीं आई। उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। आगजनी और हादसे को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बस में आग किसने और किन परिस्थितियों में लगाई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *