इंदौर। खेल संस्कृति को जन आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से देशभर में आयोजित हो रहे सांसद खेल महोत्सव की कड़ी में इंदौर में यह आयोजन वैष्णव महाविद्यालय में किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उनके संदेश के अंश साझा करते हुए इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि खेल के साथ-साथ सीखना भी उतना ही जरूरी है। प्रधानमंत्री का मानना है कि हार हमें अनुभव देती है, इसलिए हमें केवल जीत पर नहीं, बल्कि खेल से मिलने वाली सीख पर भी ध्यान देना चाहिए।
सांसद लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा यह संदेश देते हैं कि हमें खेलना भी है और सीखना भी है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि जीवन में अनुशासन, धैर्य और टीम भावना भी सिखाता है।

समाज की सोच बदलने में सांसद खेल महोत्सव की भूमिका
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि सांसद खेल महोत्सव की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह समाज की सोच बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। खेलों को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखकर उन्हें जीवनशैली का हिस्सा बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।
स्पर्धा के समन्वयक कपिल जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से इंदौर सहित कुछ अन्य शहरों को स्पेशल कैटेगरी में रखा गया है। इसी कारण इंदौर में टू-वे कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम लगाया गया है, ताकि खिलाड़ी और आयोजक सीधे प्रधानमंत्री से संवाद कर सकें।
खेल को हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास
सांसद शंकर लालवानी के नेतृत्व में आयोजित इस खेल महोत्सव का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं कराना नहीं है, बल्कि खेल को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना, युवाओं को फिटनेस से जोड़ना और छिपी हुई प्रतिभाओं को आगे लाना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन इंदौर में मजबूत होती खेल संस्कृति का प्रमाण है।
एक हजार से अधिक दिव्यांग खिलाड़ियों की भागीदारी
इस बार सांसद खेल महोत्सव–2025 में 1000 से अधिक दिव्यांग खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। यह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। आयोजकों के अनुसार प्रधानमंत्री से हुआ यह संवाद खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएगा और उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।
कपिल जैन ने बताया कि इस वर्ष ग्रामीण, शहरी, महिला, युवा और दिव्यांग खिलाड़ियों की व्यापक सहभागिता देखने को मिल रही है। यह दर्शाता है कि इंदौर में खेलों के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है और खेल संस्कृति मजबूत हो रही है।
फिट इंडिया से खेलों को मिला नया आयाम
सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से ही इंदौर में इतना बड़ा खेल आयोजन संभव हो पाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री को राष्ट्रनायक बताते हुए कहा कि फिट इंडिया जैसे अभियानों ने खेल और फिटनेस को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि सांसद खेल महोत्सव–2025 दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए आत्मविश्वास, सम्मान और राष्ट्रीय पहचान का बड़ा मंच बनकर उभर रहा है। यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दे रहा है, बल्कि समाज को यह संदेश भी दे रहा है कि खेल सबके लिए हैं और हर प्रतिभा को आगे आने का समान अधिकार है।