इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक चॉकलेट फैक्टरी में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसका धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्टरी में मौजूद कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन कच्चा माल अधिक होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। इसी दौरान अचानक फैक्टरी में जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिससे तीन मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। हादसे में फायर ब्रिगेड के एसआई सुशील दुबे सहित चार फायर फाइटर घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
एसआई सुशील दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण फैक्टरी में केबल सर्किट में शॉर्ट सर्किट होना सामने आया है। ब्लास्ट और इमारत गिरने के बाद आग और भड़क गई, जिससे दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आग पर काबू पाने के लिए देर रात तक रेस्क्यू और बुझाने का कार्य जारी रहा। घटना के बाद फैक्टरी परिसर और आसपास के इलाके को एहतियातन खाली कराया गया। प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।