इंदौर: लसूड़िया क्षेत्र में निजी कंपनी के ऑफिस से 7 लाख की चोरी, CCTV में दिखे संदिग्ध !

Spread the love

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी कंपनी के कार्यालय में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने कंपनी के डायरेक्टर के ऑफिस में बने लॉकर को तोड़कर करीब 7 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, ईश्वर पुत्र आत्माराम पवार की शिकायत पर लसूड़िया थाने में चोरी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया गया कि बदमाशों ने लेक्सो हाउस स्थित कंपनी कार्यालय का ताला तोड़ा और डायरेक्टर योगेश शर्मा के केबिन में रखे लॉकर से नकदी चुरा ली। यह रकम कर्मचारियों के भुगतान के लिए हाल ही में बैंक से निकाली गई थी।

CCTV फुटेज में दिखे आरोपी

पुलिस द्वारा कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें दो संदिग्ध आरोपी देर रात करीब 2 बजे के बाद ऑफिस में प्रवेश करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इन फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि संबंधित कंपनी रेलवे की ठेकेदारी से जुड़ा कार्य करती है और यहां रेलवे प्रोजेक्ट्स से संबंधित संचालन होता है।

पुलिस का बयान

लसूड़िया थाना प्रभारी टीआई तारेश सोनी ने बताया कि फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई राशि बरामद की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *