इंदौर। शहर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में MBA छात्रा की हत्या के मामले में आरोपी पीयूष धमनोदिया पुलिस रिमांड पर है। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है और इलेक्ट्रॉनिक व परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि उसने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन अंतिम क्षण में डर के कारण पटरी से हट गया। अधिकारियों के अनुसार वह बार-बार भावनात्मक बातें कर खुद को “पछतावे” की स्थिति में दिखाने की कोशिश कर रहा है।
सादा कागज पर लिखा “गलती हो गई”
एडीशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल और शिवांशु जोशी जब पूछताछ के लिए पहुंचे, तो आरोपी ने सादा कागज मांगा। कागज मिलने पर उसने लिखा कि उससे “अनर्थ” हो गया और वह छात्रा से प्रेम करता था। उसने यह भी लिखा कि अब उसे मरना है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी मुंबई के अंधेरी थाने में इसी तरह कागज लेकर भावनात्मक बातें लिख चुका है।

जांच में सामने आया है कि वह यूट्यूब पर आत्महत्या के तरीके, वकीलों और पुलिस प्रक्रिया से जुड़े वीडियो देखता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी सामान्य व्यवहार दिखाने की कोशिश कर रहा है और कानूनी पहलुओं की जानकारी जुटाने में भी लगा था।
‘आत्मा से बात’ करने की बात
जोन-4 के डीसीपी कृष्ण लाल चंदानी ने बताया कि आरोपी ने मुंबई के पास पनवेल में एक सुनसान जगह पर अगरबत्तियां जलाकर “आत्माओं को बुलाने” जैसे वीडियो देखे। वह बुदबुदाते हुए माफी मांगने और मृतका की आत्मा से बात करने की बात कहता रहा। पुलिस इन दावों को मनोवैज्ञानिक स्थिति के संदर्भ में परख रही है।
10 फरवरी से लापता थी छात्रा
युवती 10 फरवरी को घर से आधार कार्ड संबंधी काम बताकर निकली थी। बाद में उसने बहन को फोन कर बताया कि वह क्लासमेट पीयूष के साथ बर्थडे पार्टी में जा रही है और देर रात तक लौट आएगी। रात 11 बजे आरोपी ने युवती के मोबाइल से उसकी बहन को संदेश भेजा—“पापा से कहना अब वह घर नहीं लौटेगी।” इसके बाद मोबाइल बंद कर दिया गया।

पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने युवती का मोबाइल हैक कर उसकी चैटिंग देखी, उस पर शक करता था और उसके फोन को अपने पास रखता था। जांच में 11 आपत्तिजनक वीडियो कॉलेज ग्रुप व अन्य माध्यमों पर साझा करने की बात भी सामने आई है।
गोवा में ट्रेस, ट्रेन से गिरफ्तार
आरोपी की लोकेशन गोवा में ट्रेस हुई, जहां वह मृतका का मोबाइल उपयोग कर रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गोवा से महाराष्ट्र जाने वाली ट्रेन में पकड़ लिया।
पुलिस का कहना है कि परिजनों से सामान की पहचान कराई गई है और डिजिटल फॉरेंसिक रिपोर्ट, कॉल डिटेल व अन्य साक्ष्यों के आधार पर केस को मजबूत किया जा रहा है। जांच जारी है।