उज्जैन जिले के भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के नवेली गांव में रविवार दोपहर उस वक्त हंगामा मच गया जब एक युवक अशफाक खान को ग्रामीणों ने नाबालिग हिंदू लड़की को जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने की कोशिश करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी नागझिरी थाना क्षेत्र के नूरानी नगर का निवासी है।

लड़की के मुताबिक, अशफाक पहले उज्जैन में उसके घर के पास रहता था और सोशल मीडिया के जरिए पहचान होने के बाद वह स्कूल जाते समय उसका पीछा करता था। परेशान होकर उसने अपने माता-पिता को जानकारी दी और वे उसे काकी के घर भेजकर सुरक्षित किया। रविवार को खेत में काम करते समय आरोपी फिर पहुंचा और लड़की को धमकाया कि बात नहीं करेगी तो जान से मार देगा।

घटना के बाद ग्रामीणों और हिंदू संगठनों ने आरोपी को पेड़ से बांधकर एक घंटे तक जमकर पीटा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों से छुड़ाकर थाने ले गई। पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ और धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल है।