उज्जैन के मालीखेड़ी गांव के पास सोमवार को एक भीषण कार हादसा हुआ, जिसमें दिल्ली से महाकाल दर्शन को आए पांच युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना तब हुई जब युवक गूगल मैप के गलत निर्देशों का पालन करते हुए हाईवे छोड़कर ग्रामीण मार्ग पर मुड़ गए।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली निवासी युवकों ने महाकाल मंदिर में भस्म आरती और काल भैरव मंदिर के दर्शन के बाद वापसी में गूगल मैप का सहारा लिया। मैप ने उन्हें कोटा हाईवे छोड़कर मालीखेड़ी गांव की ओर मोड़ दिया, जहां तेज रफ्तार से चलती अर्टिगा कार (DL 13-C-7474) पहले पुलिस बैरिकेडिंग से टकराई और फिर एक पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में 22 वर्षीय आर्यन लोहिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उज्जवल गुप्ता, अर्जुन वशिष्ठ, नचिकेत और मृदुल आर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले पाटन स्वास्थ्य केंद्र और फिर उज्जैन के अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
पुलिस ने बताया कि सभी युवक दिल्ली के प्रतिष्ठित परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। आर्यन लॉ की पढ़ाई कर रहा था, जबकि अन्य के परिवार उच्च शिक्षित और प्रतिष्ठित पेशों से जुड़े हैं। ये युवक उज्जैन आने से पहले उदयपुर भी घूमने गए थे।
यह पहली बार नहीं है जब गूगल मैप के गलत निर्देशों ने जानलेवा हादसे को जन्म दिया हो। पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश के बरेली में भी एक कार गूगल मैप के बताए रास्ते पर चलते हुए अधूरे पुल से गिर गई थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई थी।

घट्टिया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कार की अत्यधिक गति और गलत मार्ग चयन को हादसे का मुख्य कारण बताया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जबकि घायलों के इलाज का पूरा खर्च प्रशासन द्वारा वहन किया जा रहा है।