उटीला में पड़ोसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, मारपीट के बाद फायरिंग, CCTV में कैद हुए हमलावर !

Spread the love

ग्वालियर।
ग्वालियर जिले के उटीला थाना क्षेत्र अंतर्गत उटीला गांव में सोमवार को दो पड़ोसियों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े और फायरिंग की सनसनीखेज घटना में बदल गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। मारपीट और फायरिंग करते हुए हमलावरों का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी हथियार लहराते हुए भागते नजर आ रहे हैं।

दोपहर में हुआ विवाद, शाम को बदले की कार्रवाई

जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर गांव में रहने वाले विवेक शुक्ला और कृष्णा जाट के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया, लेकिन शाम होते-होते यह विवाद और गंभीर हो गया।

बताया जा रहा है कि मारपीट का बदला लेने के लिए कृष्णा जाट ने अपने साथियों जितेंद्र जाट और विक्कू जाट को बुला लिया और देर शाम उटीला गांव पहुंचा। तीनों ने मिलकर विवेक शुक्ला के साथ दोबारा मारपीट शुरू कर दी।

बचाने पहुंचे युवक पर की फायरिंग

इसी दौरान विवेक शुक्ला को बचाने के लिए पड़ोसी आशीष पाठक बीच में आए, तो आरोपियों ने उन पर कट्टे से फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन फायरिंग की आवाज से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

फायरिंग करने वाला आरोपी विक्कू जाट बताया जा रहा है, जो शहरी बदमाश और कुख्यात गैंगस्टर हरेंद्र राणा का ममेरा भाई है। इस जानकारी के सामने आने के बाद ग्रामीणों में और अधिक दहशत फैल गई।

CCTV फुटेज में कैद हुए हमलावर

घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो गांव के रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज सामने आई। फुटेज में हमलावर एक्टिवा पर सवार होकर भागते हुए नजर आ रहे हैं और उनके हाथों में कट्टा और बंदूक दिखाई दे रही है। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की।

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश

उटीला थाना क्षेत्र निवासी 34 वर्षीय आशीष पाठक की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट और फायरिंग का मामला दर्ज किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी कृष्णा जाट को गिरफ्तार कर लिया।

फरियादी पक्ष ने रामकुमार गुर्जर की भी घटना में संलिप्तता की आशंका जताई है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि घटना में और कौन-कौन शामिल था।

गांव में तनाव, पुलिस तैनात

घटना के बाद से उटीला गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस गांव में नजर बनाए हुए है। उटीला थाना पुलिस का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस का यह भी कहना है कि CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *