“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत भूतपूर्व सैनिकों एवं सैनिक कल्याण कार्यालय के स्टाफ द्वारा ब्राइट करियर स्पेशल अकादमी, मकरोनिया परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन (नौसेना) यूपीएस भदौरिया ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण है, बल्कि भावनात्मक रूप से समाज को माँ जैसे पवित्र संबंध से जोड़ते हुए हरित भविष्य की ओर प्रेरित करना भी है। उन्होंने कहा कि आज के समय में पेड़ लगाना सिर्फ एक कार्य नहीं, बल्कि एक सामाजिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान भूतपूर्व सैनिकों ने विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रकट की। इस दौरान उन्होंने पौधों की देखरेख और संरक्षण की शपथ भी ली।
ब्राइट करियर स्पेशल अकादमी के स्टाफ एवं छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। वृक्षारोपण के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विचार गोष्ठी भी आयोजित की गई। यह कार्यक्रम समाज में पर्यावरणीय चेतना फैलाने की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण बना।