एडिना कॉलेज मोतीनगर में “नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित !

Spread the love

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार सागर जिले में “नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान के अंतर्गत एडिना ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन्स, मोतीनगर में एक विशाल नशा विरोधी जागरूकता एवं मानसिक स्वास्थ्य आधारित जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार शाहवाल के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश कुमार सिंहा एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संयोजन श्री प्रेमचंद जैन स्मृति समिति एवं एडिना ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन्स द्वारा मध्यप्रदेश पुलिस एवं सागर माइंड केयर संस्था के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री लोकेश कुमार सिंहा, श्री ललित कुमार कश्यप, थाना प्रभारी श्री जसवंत सिंह राजपूत, एडिना ग्रुप निदेशक प्रो. (डॉ.) सुनील कुमार जैन, अध्यक्ष श्री राजेश जैन तथा वरिष्ठ शिक्षाविद डॉ. संतोष कुमार गुप्ता उपस्थित रहे।

अतिथियों ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति का जीवन बर्बाद करता है बल्कि पूरे समाज के लिए घातक है। मानसिक स्वास्थ्य और नशा-मुक्त जीवन के बीच गहरे संबंध को समझाते हुए विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित सैकड़ों छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को नशा न करने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।

“कदम बढ़ाएं, नशा छोड़ें — दूसरों को प्रेरित करें” और “जन-जन को यही संदेश, नशा मुक्त हो अपना देश” जैसे नारों के साथ यह आयोजन नशा-मुक्त समाज की दिशा में एक सशक्त प्रयास सिद्ध हुआ।

सागर पुलिस का यह समन्वित प्रयास शिक्षा जगत और समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *