‘ओ रोमियो’ प्रमोशन में नाना पाटेकर पर बोले विशाल भारद्वाज, ट्रेलर लॉन्च छोड़ने की घटना पर भी दिया रिएक्शन !

Spread the love

फिल्म ‘ओ रोमियो’ 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और दर्शकों से इसे मिले-जुले रिव्यू मिले हैं। फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में हाल ही में अभिनेता शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी, अविनाश तिवारी, फरीदा जलाल और निर्देशक विशाल भारद्वाज लोकप्रिय कॉमेडी शो द ग्रेट इंडियन कपिल शो में पहुंचे। शो के दौरान फिल्म और उससे जुड़े कई दिलचस्प किस्से सामने आए।

नाना पाटेकर के साथ पहली बार काम

फिल्म ‘ओ रोमियो’ में दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर ने इस्माइल खान का किरदार निभाया है। खास बात यह है कि नाना ने पहली बार विशाल भारद्वाज के साथ काम किया है, जबकि दोनों की दोस्ती करीब 27 साल पुरानी बताई जाती है।

शो के दौरान कपिल शर्मा ने विशाल भारद्वाज से पूछा कि दो दशक से अधिक समय से जान-पहचान होने के बावजूद उन्होंने पहले नाना पाटेकर को किसी फिल्म में कास्ट क्यों नहीं किया। इस पर विशाल ने हंसते हुए कहा कि यह उनकी ही गलती थी।

उन्होंने कहा, “मैं कभी ऐसा रोल उनके पास लेकर नहीं गया। हर कोई नाना पाटेकर से डरता है, लेकिन वह बहुत नरम दिल इंसान हैं। मेरे साथ काम न करने को लेकर वह मुझसे नाराज भी रहे। वह अक्सर मुझे याद दिलाते थे कि वह एक एक्टर हैं और पूछते थे कि मैं उन्हें कब कास्ट करूंगा। आखिरकार हमने साथ काम किया, लेकिन इसमें समय लग गया।”

ट्रेलर लॉन्च इवेंट का विवाद

बातचीत के दौरान कपिल शर्मा ने यह भी कहा कि नाना पाटेकर बहुत कम सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आते हैं और अब तक उनके शो में भी नहीं आए हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि आजकल नाना के किसी इवेंट से चले जाने की खबर, उनके किसी इवेंट में आने की खबर से ज्यादा वायरल हो जाती है।

कपिल की यह टिप्पणी हाल ही में ‘ओ रोमियो’ के ट्रेलर लॉन्च से जुड़ी एक घटना के संदर्भ में थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाना पाटेकर इवेंट में समय पर पहुंचे थे, लेकिन फिल्म की टीम की ओर से उन्हें एक घंटे से अधिक इंतजार करना पड़ा। इसी वजह से वह कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही वहां से चले गए।

विशाल भारद्वाज का रिएक्शन

इस घटना पर विशाल भारद्वाज ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था, “नाना यहां से चले गए हैं, लेकिन उनके बारे में बोलना चाहिए। जैसे स्कूल में एक शरारती बच्चा होता है जो सबका मजाक उड़ाता है, सबसे ज्यादा एंटरटेन करता है और जिसके साथ सब रहना चाहते हैं—नाना के अंदर वही बात है। 27 साल की दोस्ती है हमारी और पहली बार साथ काम किया है। अगर वह होते तो बहुत अच्छा होता, लेकिन वह अपने सिग्नेचर स्टाइल में उठे और कहा, ‘एक घंटा मुझे वेट करवाया, मैं जा रहा हूं।’ हमें बुरा नहीं लगा, क्योंकि यही चीज उन्हें नाना पाटेकर बनाती है।”

फिल्म की स्टारकास्ट और बॉक्स ऑफिस

विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी ‘ओ रोमियो’ का निर्माण नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट ने किया है। फिल्म में शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी, फरीदा जलाल, नाना पाटेकर, विक्रांत मैसी, दिशा पाटनी, तमन्ना भाटिया और अविनाश तिवारी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं।

बॉक्स ऑफिस की बात करें तो फिल्म ने रिलीज के पहले दो दिनों में 23.51 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म दर्शकों को कितना आकर्षित कर पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *