सागर जिले के नेशनल हाईवे-44 पर बांदरी के पास बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर और पुलिस के बम निरोधक दस्ता (BDDS) वाहन की आमने-सामने टक्कर में चार जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। एक जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसे एयरलिफ्ट कर दिल्ली के गंगाराम अस्पताल भेजा गया। हादसे में टीम के साथ मौजूद डॉग पूरी तरह सुरक्षित है।


बालाघाट से ड्यूटी करके लौट रहे थे जवान
जानकारी के मुताबिक, मुरैना जिले का बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड बालाघाट में नक्सल विरोधी अभियान में तैनात था। ड्यूटी पूरी होने पर जवान BDDS वाहन (क्रमांक MP 03 A 4883) से मुरैना लौट रहे थे।
सुबह बांदरी के पास झिंझनी घाटी में सामने से आ रहे कंटेनर ने पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और जवान अंदर ही फंस गए।
क्रेन और जेसीबी से निकाले गए शव
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन के हिस्से दूर तक बिखर गए।
जेसीबी की मदद से वाहन को काटकर जवानों के शव बाहर निकाले गए। शवों को बांदरी अस्पताल भेजा गया।



मृतकों की पहचान
हादसे में मरने वाले जवान—
- प्रद्युमन दीक्षित, मुरैना
- अमन कौरव, मुरैना
- परमलाल तोमर (ड्राइवर), मुरैना
- विनोद शर्मा (डॉग मास्टर), भिंड
गंभीर रूप से घायल जवान—
- आरक्षक राजीव चौहान, शवड़ा, मुरैना — दिल्ली एयरलिफ्ट
कंटेनर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर में कंटेनर के आगे का हिस्सा भी पूरी तरह टूट गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी और घायल के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।