कटनी शहर में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना में दो युवकों की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह वारदात कोतवाली थाने से महज 500 मीटर दूर स्थित चौपाटी इलाके में रात करीब 1 बजे की है। मृतकों की पहचान रोशन सिंह (23) पिता गुलाब सिंह और उत्कर्ष दुबे (22) पिता राजा दुबे के रूप में हुई है। तीसरा युवक विनेश (20) पिता शिवनारायण गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि तीनों युवक रात में चाय पीने चौपाटी पहुंचे थे, तभी वहां उनकी मुलाकात सागर और तातुली नामक दो युवकों से हुई। विनेश और आरोपियों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जो उस रात फिर उभर आया। विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करने आए रोशन और उत्कर्ष पर भी आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल उत्कर्ष ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि रोशन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, जो अब तक फरार हैं।