कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ तहसील के ग्राम घुनौर में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक आदमखोर तेंदुए ने खेल रहे 10 वर्षीय बालक पर हमला कर उसे अपने जबड़े में दबा लिया और घने जंगल की ओर ले गया। बालक पर हुए हमले से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति गुस्सा देखा गया।
खेलते समय हुआ हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बालक अन्य बच्चों के साथ गांव की सरहद के पास खेल रहा था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपा तेंदुआ अचानक उस पर टूट पड़ा। बच्चों के चिल्लाने और शोर मचाने पर ग्रामीण जंगल की ओर दौड़े, लेकिन तेंदुआ कहीं नहीं मिला।

वन विभाग ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वन परिक्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में घेराबंदी कर खोज अभियान शुरू किया गया। तेंदुए का पता लगाने के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है और पदचिन्हों के माध्यम से उसकी दिशा का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही क्षेत्र में पिंजरे लगाकर तेंदुए को पकड़ने की कवायद भी शुरू की गई है।
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद आसपास के गांवों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से तेंदुए की सक्रियता देखी जा रही थी और इसकी सूचना वन विभाग को पहले ही दी गई थी। उनका आरोप है कि समय रहते गश्त और रोकथाम नहीं की गई, जिससे मासूम की जान जोखिम में पड़ी।
पीड़ित परिवार ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है। वन विभाग मामले की गंभीरता से जांच कर तेंदुए को पकड़ने की पूरी कोशिश कर रहा है।