कन्नाखेड़ी में व्यक्ति ने की आत्महत्या !

Spread the love

खुरई। खुरई देहात थाना क्षेत्र के कन्नाखेड़ी गांव में बुधवार को एक व्यक्ति का शव उसके ही कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हम्मीर सिंह दांगी (55 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी भिजवाया। शव का पोस्टमार्टम गुरुवार दोपहर को किया जाएगा।

परिजनों ने दरवाजा नहीं खुलने पर की झांककर जांच

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को हम्मीर सिंह दांगी अपने कमरे में सोने गए थे। सुबह जब परिजन उन्हें चाय देने पहुंचे तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर परिजनों ने दरवाजे की दरारों से अंदर झांककर देखा, तो हम्मीर सिंह का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया।

यह दृश्य देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव उतारा

सूचना मिलते ही खुरई देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया गया है।

अविवाहित था मृतक, अकेला रहता था

मामले की जांच कर रहे सहायक उपनिरीक्षक हुकुम सिंह ने बताया कि मृतक हम्मीर सिंह दांगी अविवाहित था और उसी कमरे में अकेला रहता था। आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है।

पीएम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामला संदिग्ध आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *