कबाड़ से भरे मालवाहक से भिड़ी बाइक, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल!

Spread the love

दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सहरी गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झलौन से सहरी गांव की ओर जा रही एक बाइक कबाड़ से भरे मालवाहक वाहन से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सहरी गांव निवासी राजेश पिता होरी यादव और मगदूपुरा गांव निवासी खुमान पिता खिलान अहिरवार (उम्र 40 वर्ष) बाइक क्रमांक एमपी 34 एमजे 5426 से झलौन से सहरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे कबाड़ से भरे मालवाहक वाहन क्रमांक एमपी 20 जीबी 5611 से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में खुमान अहिरवार के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं राजेश यादव को गंभीर हालत में स्थानीय लोगों की मदद से निजी वाहन द्वारा तेंदूखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

हादसे के बाद मालवाहक वाहन सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में खड़ा मिला, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर तेंदूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक खुमान अहिरवार के शव को अस्पताल के शव गृह में रखवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है।

पुलिस ने मालवाहक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *