कर्नाटक सरकार ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में IPL मैचों की मंजूरी दी !

Spread the love

बेंगलुरु: कर्नाटक सरकार की कैबिनेट ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल (IPL) मैच आयोजित करने की मंजूरी दे दी है। उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस फैसले की जानकारी साझा की।

शिवकुमार ने लिखा कि यह बेंगलुरु और कर्नाटक के क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में मैचों का आयोजन सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के नियमों के सख्त पालन के साथ किया जाएगा। जस्टिस जॉन माइकल डी’कुन्हा रिपोर्ट की सिफारिशों को पूरी तरह लागू किया जाएगा और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

सुरक्षा नियम और शर्तें

  • स्टेडियम में अधिकतम 35,000 दर्शकों की सीमा रहेगी।
  • टिकटिंग, प्रवेश और भीड़ नियंत्रण के नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा।
  • आयोजकों को सुरक्षा और जवाबदेही के साथ कार्यक्रम करना होगा।

कर्नाटक के मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने भी पुष्टि की कि राज्य कैबिनेट ने डी’कुन्हा रिपोर्ट के निर्देशों के अनुसार कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को IPL आयोजन की अनुमति दी है।

RCB के घरेलू मुकाबले

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपने सभी 7 घरेलू मुकाबले इसी स्टेडियम में खेल सकती है। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम 2008 से RCB का होम ग्राउंड रहा है। RCB ने IPL-2025 में पहली बार ट्रॉफी जीती थी।

हालांकि, टी-20 वर्ल्ड कप का शेड्यूल पहले ही तय हो चुका है, इसलिए स्टेडियम को इस टूर्नामेंट के लिए नहीं चुना गया। हाल ही में समाप्त हुई विजय हजारे ट्रॉफी के अधिकांश मैच भी शहर के बाहरी इलाके स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में कराए गए थे।

पहले हुए हादसे का ध्यान

IPL-2025 में RCB की ट्रॉफी जीत के बाद 4 जून को स्टेडियम में आयोजित विक्ट्री परेड के दौरान खराब प्लानिंग और भीड़ नियंत्रण की कमी के कारण भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे। कर्नाटक सरकार की रिपोर्ट में इस हादसे के लिए RCB को जिम्मेदार बताया गया था।

शिवकुमार ने कहा कि अब स्टेडियम में IPL आयोजन सुरक्षा नियमों के कड़े पालन के साथ किया जाएगा ताकि पिछली गलतियों को दोहराया न जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *