सागर, 18 जून 2025
सागर जिले के विकास में नवाचार और जनहितकारी योजनाओं को लेकर हमेशा अग्रणी रहने वाले कलेक्टर श्री संदीप जी आर द्वारा एक और सराहनीय पहल की गई है। कलेक्टर कार्यालय परिसर में इंडियन कॉफी हाउस (Indian Coffee House) की स्थापना की गई है, जो न केवल अधिकारियों-कर्मचारियों बल्कि आम नागरिकों के लिए भी स्वास्थ्यवर्धक, स्वादिष्ट एवं रियायती दरों पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएगा।
यह कॉफी हाउस इंडियन कॉफी वर्कर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, जबलपुर द्वारा संचालित किया जा रहा है, जो ISO 9001:2015 सर्टिफाइड संस्था है और वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन यूके द्वारा मान्यता प्राप्त है। शुभारंभ अवसर पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों में पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक के वी, अपर कलेक्टर श्री रुपेश उपाध्याय, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती आरती यादव, सिटी मजिस्ट्रेट श्रीमती जूही गर्ग, जॉइंट कमिश्नर श्री विनय द्विवेदी, डॉ. ओ के राजगोपालन एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

उद्देश्य और लाभ
कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने बताया कि मध्यप्रदेश के कई जिलों में पहले से ही कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसरों में इंडियन कॉफी हाउस संचालित हैं। अब सागर में भी इसकी शुरुआत होने से अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को साफ, शुद्ध एवं पौष्टिक भोजन उचित दाम पर मिलेगा। साथ ही, कर्मचारी कल्याण एवं स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से यह एक अनुकरणीय पहल होगी।
आमजन के लिए भी उपलब्ध
कलेक्टर ने बताया कि यह कॉफी हाउस न केवल कार्यालय परिसर के लिए सीमित रहेगा, बल्कि सागर नगर के नागरिकों के लिए भी यह एक बेहतरीन और पारिवारिक भोजन स्थल के रूप में उपलब्ध रहेगा। इससे शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन सुलभ होगा।

इंडियन कॉफी हाउस का गौरवशाली इतिहास
इस अवसर पर डॉ. ओ के राजगोपालन ने संस्था का परिचय देते हुए बताया कि इंडियन कॉफी हाउस की स्थापना 1958 में जबलपुर में हुई थी। केवल 16 कर्मचारियों और एक शाखा से शुरू हुई यह संस्था आज देशभर के 20 राज्यों में 184 शाखाओं और 10 लॉज के साथ एक सफल सहकारी मॉडल बन चुकी है। यह संस्था कर्मचारियों के स्वामित्व वाली एकमात्र श्रमिक सहकारी संस्था है, जो “कर्म ही पूजा है” और “अतिथि देवो भवः” जैसे मूल्यों को आत्मसात करती है।

गुणवत्ता, स्वच्छता और पारंपरिक स्वाद
इंडियन कॉफी हाउस में दक्षिण भारतीय, उत्तर भारतीय और चायनीज व्यंजन जैसे – मसाला डोसा, इडली, वड़ा-सांभर, कटलेट, उपमा, छोले भटूरे, बिरयानी आदि उपलब्ध होंगे। वेटर सफेद वर्दी में सेवा देते हैं और पूरी प्रक्रिया में स्वच्छता, अनुशासन और ग्राहक संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। चमकदार क्रॉकरी, पारिवारिक वातावरण और विनम्र व्यवहार के कारण यह कॉफी हाउस हर वर्ग के लिए पसंदीदा स्थल बनता जा रहा है।
जनसंपर्क और सहयोग की अपेक्षा
संस्था ने उम्मीद जताई है कि सागर जिले के लोग भी उसी गर्मजोशी और समर्थन से इस इकाई का स्वागत करेंगे, जैसा देशभर की अन्य शाखाओं में मिल रहा है। कलेक्टर कार्यालय में इसकी स्थापना से यह स्थान ना केवल प्रशासनिक केंद्र बना रहेगा बल्कि एक सामाजिक और स्वास्थ्यवर्धक संवाद स्थल भी बनेगा।

कलेक्टर श्री संदीप जी आर की यह पहल “स्वास्थ्य, स्वच्छता और सेवाभाव” की उत्कृष्ट मिसाल है। यह न केवल कर्मचारियों के लिए राहतदायक कदम है, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी विश्वसनीय, स्वादिष्ट और सुलभ भोजन का केंद्र बनने जा रहा है। यह सागर को एक आधुनिक, स्वास्थ्य उन्मुख और प्रगतिशील जिला बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237