कलेक्टर के निर्देश पर शांतिपूर्वक जारी है खाद वितरण व्यवस्था !

Spread the love

सागर। जिले में शुक्रवार को खाद-उर्वरक वितरण का कार्य शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न किया जा रहा है। कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खाद वितरण में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटे किसानों को प्राथमिकता के साथ खाद-उर्वरक उपलब्ध कराया जाए ताकि उनकी कृषि आवश्यकताएं समय पर पूरी हो सकें।

कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निजी खाद दुकानदार डबल लॉक प्रणाली से वितरण करें जिससे पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि डीएपी के साथ एनपीके उर्वरक का वितरण अनिवार्य रूप से किया जाए और किसानों को इसके उपयोग के संबंध में जानकारी दी जाए। सभी खाद वितरण केंद्रों पर सुबह 6 बजे से कार्य प्रारंभ किया जाए तथा पेयजल, छाया, पुलिस बल और बैरिकेडिंग की व्यवस्था पूर्व से सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि वितरण से एक दिन पूर्व किसानों को सूचना दी जाए और टोकन प्रणाली से खाद वितरित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित किया जाए और संगोष्ठियों के माध्यम से आवश्यक जानकारी दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि सोसाइटी में गड़बड़ी या खाद-बीज की कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने सभी खाद वितरण केंद्रों पर राजस्व और पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि वितरण कार्य व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *