सागर, 25 जुलाई 2025
सागर जिले के कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने जिलेवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए देर शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंडा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं, दवाओं, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया और मौके पर उपस्थित मरीजों व उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री रविश श्रीवास्तव, तहसीलदार श्री मोहित जैन एवं स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने विशेष रूप से प्रसव वार्ड, लेबर रूम, जनरल ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, डॉक्टर ड्यूटी रूम, नर्सिंग रूम, स्टोर रूम आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि हर हाल में दवाओं का पर्याप्त भंडार बना रहना चाहिए।

मरीजों से लिया फीडबैक, सफाई पर दिया विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों, गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों से चिकित्सा सुविधाओं, दवा उपलब्धता और डॉक्टरों की उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पैथोलॉजी लैब और एक्स-रे सुविधा का भी निरीक्षण किया और एक्स-रे टेक्नीशियन की नियमित ड्यूटी तय करने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को समय पर जांच की सुविधा मिल सके।
कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए साफ-सफाई में कोई कमी न आने देने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई कर्मियों की 24 घंटे की शिफ्टवार ड्यूटी तय करने, वॉटर कूलर की नियमित सफाई तथा परिसर की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

सूचना बोर्ड अनिवार्य, एम्बुलेंस सेवा रहे सक्रिय
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, लैब टेक्नीशियन आदि के नाम, मोबाइल नंबर और ड्यूटी टाइम का चार्ट स्पष्ट रूप से चस्पा किया जाए ताकि किसी भी मरीज या परिजन को परेशानी न हो। साथ ही, 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहे और कॉल प्राप्त होने पर तत्काल प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए।
निरंतर निरीक्षण की नीति
कलेक्टर संदीप जी आर ने कहा कि जिले के शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण निरंतर जारी रहेगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आमजन को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का पूर्ण लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त हो। उन्होंने यह भी दोहराया कि अस्पतालों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर का यह निरीक्षण स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे स्थानीय जनता में शासन के प्रति विश्वास और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237