जिले में प्रशासन ने अवैध कब्जों और भूमाफियाओं के खिलाफ सख्ती जारी रखते हुए आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कलेक्टर श्री संदीप जी आर के निर्देशन पर राजस्व अमले ने ग्राम बम्होरी बीका में स्थित 5 हेक्टेयर गौचर भूमि से अतिक्रमण हटाया। इस भूमि की बाजार कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई की अगुवाई कर रहे तहसीलदार श्री राहुल गौड़ ने जानकारी दी कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले में गौचर और शासकीय भूमि पर कब्जा जमाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज की कार्यवाही में गांव के कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से कब्जा की गई गौचर भूमि को मुक्त कराया गया।

तहसीलदार ने बताया कि यह भूमि गांव की सामूहिक उपयोग की भूमि (गौचर) है, जिस पर अवैध कब्जा करना अपराध की श्रेणी में आता है। प्रशासन द्वारा कब्जा हटाने के बाद अब इस भूमि का उपयोग वास्तविक उद्देश्य— पशुओं के चराई एवं सार्वजनिक हित के कार्यों के लिए किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि जिले में भूमाफियाओं और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की शासकीय भूमि पर कब्जा बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग की टीम के साथ-साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। ग्रामीणों को चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में किसी ने पुनः ऐसी हरकत की तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।