कलेक्टर संदीप जी आर ने दी वर्ल्ड कप जा रहे कूडो खिलाड़ियों को शुभकामनाएं !

Spread the love

सागर, 30 जून 2025।
कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने सोमवार को कलेक्टर कक्ष में बुल्गारिया में आयोजित होने जा रहे कूडो वर्ल्ड कप के लिए चयनित सागर के चार खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्होंने कूडो खेल के प्रशिक्षण, तकनीक और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि विश्व मंच पर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों से जिले के विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

कूडो वर्ल्ड कप, जुलाई माह में बुल्गारिया (यूरोप) में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भारत से 8 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें से 4 खिलाड़ी – मोहम्मद सोहैल खान, उत्कर्ष पटेल, आर्यन सिंह और वैष्णवी सिंह सागर जिले से हैं। कूडो के मुख्य प्रशिक्षक एजाज खान के साथ खिलाड़ियों की उपलब्धियों और अनुभवों को साझा करते हुए कलेक्टर ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने निर्देश दिए कि इन खिलाड़ियों के वापस लौटने के बाद जिले के सभी स्कूलों में कूडो का प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी और जिला परियोजना अधिकारी को इस संबंध में तत्काल कार्ययोजना और समय-सारिणी तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को आत्मरक्षा और शारीरिक फिटनेस का व्यावहारिक लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि कूडो प्रशिक्षण बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सुरक्षा कौशल विकसित करेगा। यह पहल बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों को भी सशक्त करेगी।

कूडो इंडिया टीम, चीफ कोच हंशी मेहुल वोरा के नेतृत्व में 2 जुलाई को दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना होगी और 11 जुलाई को भारत लौटेगी। प्रतियोगिता में 60 से अधिक देश भाग लेंगे। सागर के कूडो खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें से मोहम्मद सोहैल खान वर्तमान में इनकम टैक्स इंस्पेक्टर (मुंबई) और वैष्णवी सिंह टैक्स असिस्टेंट (GST, हैदराबाद) के पद पर कार्यरत हैं।

यह पहल जिले के युवाओं को खेल और आत्मरक्षा की ओर प्रेरित करने में मील का पत्थर साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *