हाथीखाना सब्जी मंडी में कीचड़ से बेहाल हालात, साफ-सफाई पर उठे सवाल !

Spread the love

दतिया शहर की प्रमुख सब्जी मंडी, जो हाथी खाना स्कूल के पास स्थित है, इन दिनों बदहाल हालत में है। हाल ही में हुई बारिश के बाद मंडी के सामने और आसपास का पूरा इलाका कीचड़ में तब्दील हो गया है। हालात ऐसे हैं कि यहां से गुजरने वाले लोगों को मजबूरी में कीचड़ से होकर निकलना पड़ रहा है।

मंडी में सब्जी खरीदने आने वाले ग्राहक, सब्जी विक्रेता और आसपास के रहवासी सभी इस समस्या से परेशान हैं। जैसे ही कोई दोपहिया या चारपहिया वाहन कीचड़ भरे रास्ते से गुजरता है, कीचड़ उछलकर सड़क किनारे फड़ लगाकर बैठने वाले सब्जी विक्रेताओं की सब्जियों पर गिर जाता है। इससे न केवल सब्जियां खराब हो रही हैं, बल्कि स्वच्छता और स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।

स्थानीय सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि कीचड़ और गंदगी के कारण ग्राहकों की संख्या भी कम हो रही है। लोग गंदे माहौल में सब्जी खरीदने से बच रहे हैं, जिससे उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। वहीं, पैदल चलने वालों को फिसलने का डर बना रहता है और कई लोग कपड़े खराब होने की शिकायत भी कर रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका और संबंधित विभाग से मांग की है कि मंडी क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई कराई जाए, पानी निकासी की उचित व्यवस्था हो और सड़क को दुरुस्त किया जाए, ताकि बारिश के बाद कीचड़ की समस्या न बने। नागरिक अंकित कुमार ने कहा कि यह शहर की प्रमुख सब्जी मंडी है, यहां साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि आम लोगों और व्यापारियों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *