25 साल के अंतराल के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को मध्य प्रदेश के सीहोर से ‘विकसित भारत संकल्प पदयात्रा’ की शुरुआत की। इस दौरान वे पहले लाड़कुई-भादाकुई गांव पहुंचे, जहां उत्साहित ग्रामीणों ने उन्हें कंधों पर उठाकर सम्मानित किया। मंत्री ने परिवार के साथ नृत्य करते हुए यात्रा का उद्घाटन किया, जिसमें उनकी पत्नी साधना सिंह, बेटे कार्तिकेय और बहू अमानत भी शामिल रहीं। चौहान ने इस अवसर पर कहा, “न दिन-न रात, पैदल चल चला शिवराज”, जिससे उनकी यात्रा के प्रति प्रतिबद्धता झलकती है।

ऑपरेशन सिंदूर और नए भारत की छवि पर जोर
पदयात्रा के दौरान चौहान ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि इससे भारत की शक्ति का परिचय मिलता है। उन्होंने कहा, “यह नया भारत है जो किसी को नहीं छेड़ेगा, लेकिन अगर कोई हमें छेड़ेगा तो हम चुप नहीं बैठेंगे।” मंत्री ने जोर देकर कहा कि ऐसा आत्मविश्वासी भारत बनाना उनका लक्ष्य है, जो दुनिया के सामने सीना तानकर खड़ा हो सके। उन्होंने 1991 में विदिशा जिले में की गई अपनी पिछली पदयात्रा की यादें भी साझा कीं, जब उन्होंने पूरे संसदीय क्षेत्र का दौरा किया था।

विकसित गांवों के माध्यम से विकसित भारत का संकल्प
चौहान ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए सबसे पहले गांवों को विकसित करना होगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से सहभागिता की अपील करते हुए कहा, “गांवों में सफाई, जल व्यवस्था, आंगनवाड़ी, स्कूल, महिला स्वावलंबन और बेहतर रोजगार को प्राथमिकता देनी होगी।” मंत्री ने आशा व्यक्त की कि उनकी यह पदयात्रा लोगों को प्रेरित करेगी और वे भी अपने गांवों के विकास के लिए आगे आएंगे। उन्होंने कहा कि अगर यह यात्रा सफल रही तो वे अन्य नेताओं को भी पदयात्रा के लिए प्रेरित करेंगे।

कृषि विकास और ग्रामीण सुविधाओं पर विशेष ध्यान
चौहान ने घोषणा की कि जल्द ही वैज्ञानिकों की एक टीम सीहोर जिले में आएगी, जो मिट्टी की उर्वरता की जांच करेगी। इसके आधार पर किसानों को खेती संबंधी वैज्ञानिक सलाह दी जाएगी। उन्होंने विकसित भारत की अपनी परिकल्पना साझा करते हुए कहा, “हमारा लक्ष्य है कि देश में सभी सुख-चैन से रह सकें। इसके लिए सड़क, बिजली, पानी का जाल बिछाना होगा, उन्नत खेती को बढ़ावा देना होगा और हर परिवार को रोजगार से जोड़ना होगा।”

उन्होंने शाम 4 बजे लाड़कुई में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से बातचीत की, भादाकुई में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में भाग लिया और छिंदगांवमौजी में रोजगार योजनाओं पर ग्रामीणों के साथ संवाद किया।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237