छतरपुर। प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने बुधवार को छतरपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हाल ही में प्रस्तुत किए गए केंद्रीय बजट 2026-27 की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने इस बजट को भविष्योन्मुखी, समावेशी और बहुउपयोगी बताते हुए कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक मजबूत और निर्णायक कदम है।
राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने आने वाले वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह बजट तैयार किया है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने भविष्य को ध्यान में रखकर बजट बनाया है। यह ऐसा बजट है, जो हर वर्ग और हर क्षेत्र के लिए उपयोगी है और जिसमें सभी के लिए ठोस प्रावधान किए गए हैं।”
भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया बजट
मंत्री बागरी ने कहा कि बजट का मूल उद्देश्य भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए उन सभी क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया गया है, जिनकी आने वाले समय में देश को सबसे अधिक आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि बजट की संरचना दीर्घकालीन विकास को ध्यान में रखकर की गई है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं पर विशेष जोर

राज्य मंत्री ने बजट के समावेशी दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए कहा कि इसमें किसानों, गरीबों, मातृशक्ति (महिलाओं) और युवाओं को एक साथ सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
हर क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में प्रावधान
प्रतिमा बागरी ने बताया कि बजट में औद्योगिक विकास, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी मजबूती देने के लिए अहम प्रावधान किए गए हैं। इससे न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि देश की समग्र विकास गति को भी बल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक विकास नहीं, बल्कि संतुलित और टिकाऊ विकास है, जिससे समाज का हर वर्ग आगे बढ़ सके।
देश को सशक्त बनाने की सोच
राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 देश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में तैयार किया गया है। यह बजट आने वाले वर्षों में भारत की वैश्विक भूमिका को और मजबूत करेगा तथा भारत को एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगा।