छतरपुर जिले की बमीठा थाना पुलिस ने केन नदी से एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद किया है। शव छतरपुर–पन्ना जिले की सीमा पर स्थित टोरिया घाट के पास बीते दो दिनों से नदी में तैरता हुआ मिला था। शुरुआत में यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा था कि शव किस जिले की सीमा में आता है, जिससे कुछ समय तक दोनों जिलों की पुलिस के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रही।
बाद में सीमा स्पष्ट होने पर बमीठा पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस व एफएसएल टीम
सूचना मिलने के बाद बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष सिंह श्रोत्रिय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही छतरपुर से फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। एफएसएल टीम ने शव का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके पर पंचनामा तैयार किया।

टोरिया घाट मेला क्षेत्र के पास मिला शव
पुलिस के अनुसार शव टोरियाटेक मडला रिपटा मेला क्षेत्र के पास मिला है। शव को केन नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए राजनगर अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पहचान के लिए आसपास के सभी थानों को सूचना भेज दी गई है।
प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है। शव पर सफेद दाग पाए गए हैं। पहचान सुनिश्चित करने के लिए एफएसएल टीम द्वारा मृतक के फिंगरप्रिंट भी लिए गए हैं।

पर्यटन स्थल होने से मामला संदिग्ध
थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने बताया कि जिस स्थान पर शव मिला है, वह एक पर्यटन स्थल के रूप में जाना जाता है। ऐसे क्षेत्र में शव का करीब तीन दिन पुराना होना और पहले इसकी जानकारी न मिलना संदेह उत्पन्न करता है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है, जिसमें हादसा, आत्महत्या या अन्य आपराधिक कारणों की भी संभावना तलाशी जा रही है।
पन्ना पुलिस को भी मिली थी सूचना
पन्ना जिले के मंडला थाना प्रभारी राम हर्ष सोनकर ने बताया कि सुबह छतरपुर जिले की चंद्रनगर चौकी से नदी में शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि शव छतरपुर जिले की सीमा में है, जिसके बाद बमीठा पुलिस ने शव निकलवाकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पहचान के आधार पर आगे की जांच कर रही है।