सागर। सुरखी विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति को और तेज़ करते हुए क्षेत्रीय विधायक एवं मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शनिवार को ग्राम किल्लाई, सेमराघाट, देवलचोरी एवं भैंसा में 15 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। कार्यक्रमों के दौरान क्षेत्र में उत्साह और विकास को लेकर नई उम्मीदें देखने को मिलीं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि “मेरा परिवार वर्षों से सुरखी की सेवा करता आया है। मैंने यहां नेता की तरह नहीं, बल्कि एक बेटे की तरह क्षेत्र की सेवा की है और आगे भी विकास का यह क्रम निरंतर जारी रहेगा।”
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब सुरखी विधानसभा के गांवों में न सड़कें थीं, न पुल-पुलियाएं, और लोग यहां आने से भी कतराते थे। लेकिन जनता के आशीर्वाद से आज सुरखी विधानसभा में चहुंमुखी विकास हो रहा है। चमचमाती सड़कें और सरपट दौड़ते वाहन अब सुरखी की बदलती तस्वीर और विकास की कहानी बयां कर रहे हैं।

श्री राजपूत ने कहा कि यदि विकास का वास्तविक महत्व समझना है तो पुराने दिनों को याद करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को वैश्विक मंच पर मिली पहचान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में हो रहे तीव्र विकास का उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना सहित महिला सशक्तिकरण की योजनाओं से प्रदेश का हर घर सशक्त हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान किल्लाई से देवलचोरी मार्ग के निर्माण कार्य (205.77 लाख रुपये) का लोकार्पण किया गया, जबकि किल्लाई से सेमराघाट मार्ग (306.17 लाख रुपये) का भूमि पूजन संपन्न हुआ। इसके साथ ही किल्लाई मंगल भवन के निर्माण हेतु 15 लाख रुपये की लागत से भूमि पूजन किया गया।

भैंसा क्षेत्र में भी विकास की कई सौगातें दी गईं। भैंसा से पड़ा रसोई मार्ग (205.30 लाख रुपये) का लोकार्पण एवं भैंसा से पथरिया मार्ग (555.10 लाख रुपये) का भूमि पूजन किया गया। इसके अतिरिक्त भैंसा मंगल भवन के लोकार्पण हेतु 25 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई तथा भैंसा आंगनवाड़ी भवन का भूमि पूजन भी किया गया। इस प्रकार क्षेत्र में लगभग 15 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन मंत्री श्री राजपूत द्वारा किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। मंत्री श्री राजपूत ने भैंसा हाई स्कूल में विज्ञान प्रयोगशाला निर्माण के लिए 18.55 लाख रुपये स्वीकृत करने एवं स्मार्ट क्लास के लिए स्मार्ट बोर्ड उपलब्ध कराने की घोषणा की। वहीं ग्राम देवलचोरी स्थित माता मंदिर में सीढ़ियों सहित घाट निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए 25 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि भैंसा से पड़ा रसोई मार्ग के निर्माण से पड़ा रसोई, भैंसा, मर्दानपुर, धनोरा, मुहासा, बेरखेड़ी सहित अनेक गांवों के नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं भैंसा से पथरिया मार्ग बनने से नोरजा, पथरिया, खजुरिया, गंभीरयाहाट सहित आसपास के गांवों को सीधा लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि सुरखी विधानसभा का विकास उनकी प्राथमिकता है और आने वाले समय में क्षेत्र को और अधिक बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।