कोचिंग जाते समय छात्र की मौत: हाईवे क्रॉस करते वक्त तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर !

Spread the love

मुरैना जिले के बानमौर कस्बे में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। कोचिंग जाने के लिए घर से निकले 12वीं कक्षा के छात्र को नेशनल हाईवे-44 पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

मृतक की पहचान प्रशांत जाटव (15 वर्ष), पुत्र सुरेश जाटव, निवासी गंगाराम का पुरा, बानमौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रशांत रोज की तरह सुबह करीब 8 बजे कोचिंग जाने के लिए निकला था। जैसे ही वह NH-44 क्रॉस कर रहा था, तभी सामने से आ रहे राजस्थान पासिंग ट्रक (RJ 11 GB 6078) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का पहिया छात्र के ऊपर से गुजर गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और परिजनों को जैसे ही सूचना मिली, परिवार में कोहराम मच गया।

दोनों ओर बसाहट, रोज जान जोखिम में डालते हैं लोग

बानमौर कस्बे की बसाहट नेशनल हाईवे-44 के दोनों तरफ फैली हुई है। स्कूली बच्चे, छात्र, बुजुर्ग और स्थानीय नागरिक रोजाना जान जोखिम में डालकर हाईवे पार करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां ओवरब्रिज या अंडरपास की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसी लापरवाही के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं।

ट्रक जब्त, चालक की तलाश जारी

बानमौर थाना प्रभारी दीपेंद्र यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

“शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।”

फिर उठा सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक उदासीनता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बानमौर क्षेत्र में जल्द से जल्द ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दुख न झेलना पड़े।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *