क्राइम ब्रांच की पूछताछ में बड़ा खुलासा, चार महीने में 14 हथियार खपाने की बात कबूली !

Spread the love

ग्वालियर। ग्वालियर-चंबल अंचल में अवैध हथियारों के नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। क्राइम ब्रांच ने रविवार को दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह अवैध पिस्टल और पांच मैग्जीन बरामद की थीं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले चार महीनों में कुल 14 पिस्टल अंचल में ला चुके हैं, जिनमें से आठ पहले ही विभिन्न शहरों में बेची जा चुकी हैं। अब पुलिस इन आठ पिस्टलों की तलाश में जुट गई है और आशंका है कि इनका उपयोग किसी बड़ी वारदात में हो सकता है।

गिरफ्तार आरोपी 21 वर्षीय शिवम तिवारी निवासी मुरैना और 23 वर्षीय अंकित शर्मा निवासी मुरैना हैं। दोनों ने बताया कि वे खरगोन की अवैध हथियार फैक्ट्री से हथियार लाकर ग्वालियर-चंबल के शहरों में सप्लाई करते थे।


12 हजार में खरीदी, 50 हजार में बेची

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक पिस्टल 10-12 हजार रुपये में खरीदते थे और उसे 40-50 हजार रुपये तक में बेच देते थे। पुलिस के अनुसार भिंड, मुरैना और ग्वालियर में पुलिस सख्ती के कारण अब खरगोन निर्मित हथियारों की मांग बढ़ गई है। हल्की और ऑटोमैटिक होने के कारण अपराधियों में इनका आकर्षण ज्यादा है।


युवाओं में बढ़ रहा पिस्टल का क्रेज

तस्करों ने बताया कि ग्वालियर-चंबल अंचल में कई युवाओं के बीच अवैध हथियार रखना “स्टेटस सिंबल” बनता जा रहा है। सोशल मीडिया पर फोटो और स्टेटस डालने के लिए भी हथियार खरीदे जाते हैं। लेटेस्ट मॉडल की पिस्टल 50 हजार रुपये से अधिक कीमत में भी बिक रही है।


ऐसे पकड़े गए आरोपी

ग्वालियर पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि दो तस्कर हथियार लेकर शहर में प्रवेश करने वाले हैं। इसके बाद डीएसपी क्राइम नागेंद्र सिंह सिकरवार और मनीष यादव के निर्देशन में थाना प्रभारी अमित शर्मा के नेतृत्व में तीन टीमें गठित की गईं।

एक टीम ने ग्वालियर-झांसी बायपास स्थित सूरों बेहटा पुल के पास कच्चे रास्ते पर चेकिंग लगाई। इस दौरान MP-09-AH-9616 नंबर की रॉयल एनफील्ड बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। घेराबंदी कर पकड़े जाने पर एक आरोपी की कमर से पिस्टल और बैग से पांच पिस्टल व पांच मैग्जीन बरामद हुईं।


पहले भी कर चुके थे दो डील

पूछताछ में आरोपियों ने बताया —

  • एक महीने पहले 3 पिस्टल बेची
  • चार महीने पहले 5 पिस्टल बेची
  • इस बार 6 पिस्टल लेकर आए

इस प्रकार कुल 14 पिस्टल अंचल में लाने की पुष्टि हुई है। इनमें से आठ की तलाश अब पुलिस कर रही है।


संभावित वारदातों से जोड़कर जांच

पुलिस अब हाल के महीनों में हुई गंभीर वारदातों का रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इन हथियारों का उपयोग अपराधों में तो नहीं हुआ। साथ ही खरीदारों तक पहुंचने के लिए विशेष टीम बनाई गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हथियार खरीदने वाले आरोपियों को भी चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *